पांवटा साहिब में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पलटी, चालक की मौत, एक घायल

नाहन : पुलिस थाना पुरुवाला के अंतर्गत पुरुवाला चौक के समीप सालवाला रोड पर एक भीषण सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। तेज रफ्तार और लापरवाही से मोटरसाइकिल चलाने के कारण वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा व्यक्ति घायल हो गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पुरुवाला निवासी मुस्ताक ने पुलिस थाना पुरुवाला में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया कि बीते दिन रात्रि लगभग 8:30 बजे पुरुवाला चौक के पास सालवाला रोड पर एक मोटरसाइकिल (HP17H-8721) काफी तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही थी। इसी दौरान चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी, जिससे मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

हादसे में बाइक चला रहा रवि कुमार और पीछे बैठा चंद किशोर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान मोटरसाइकिल चालक रवि कुमार (निवासी रक्सौल, बिहार) की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुरुवाला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।