नाहन : पांवटा साहिब के भूपपुर में हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले 48 वर्षीय सैनिक सुखदर्शन सिंह को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दे दी गई है। नाहन मुख्यालय के समीपवर्ती कठाना गांव में आयोजित अंतिम संस्कार के दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा और हर आंख नम नजर आई।
वीर सपूत को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर दीपक कुमार धवन, पूर्व सैनिक संगठन नाहन के सदस्य, उनकी यूनिट के साथी और फर्स्ट पैरा स्पेशल फोर्स के अधिकारी व जवान विशेष रूप से पहुंचे। सभी ने पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर सुखदर्शन सिंह की सेवाओं और बलिदान को नमन किया।

अंतिम यात्रा के दौरान सेना की टुकड़ी ने सलामी दी, जिसके बाद गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल था।
गौरतलब है कि जैक राइफल्स से सेवानिवृत्ति के बाद वर्ष 2024 में DSC में शामिल हुए सुखदर्शन सिंह इन दिनों जैसलमेर में तैनात थे और 8 नवंबर को 15 दिन की छुट्टी लेकर घर आए थे। गुरुवार, 19 नवंबर को भूपपुर में अपनी जमीन देखने जाते समय ट्रक की टक्कर से उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। वे अपने पीछे पत्नी रेखा देवी, दो बेटे और माता निर्मला देवी को छोड़ गए हैं।